Edited By Vandana Khosla, Updated: 24 Feb, 2026 04:34 PM

रामनगरः उत्तराखंड के रामनगर स्थित जिम कॉर्बेट नेशनल पार्क एवं उससे जुड़े बाहरी पर्यटन क्षेत्र होली पर्व के अवसर पर पर्यावरण संरक्षण, जंगल की शांति व्यवस्था बनाए रखने और हुड़दंग पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से तीन और चार मार्च को पर्यटकों के लिए पूर्ण...
रामनगरः उत्तराखंड के रामनगर स्थित जिम कॉर्बेट नेशनल पार्क एवं उससे जुड़े बाहरी पर्यटन क्षेत्र होली पर्व के अवसर पर पर्यावरण संरक्षण, जंगल की शांति व्यवस्था बनाए रखने और हुड़दंग पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से तीन और चार मार्च को पर्यटकों के लिए पूर्ण रूप से बंद रहेंगे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार तीन मार्च को सुबह की जंगल सफारी निर्धारित समयानुसार संचालित होगी, लेकिन दोपहर की सफारी और नाइट स्टे पूरी तरह बंद रहेगा। वहीं, चार मार्च को होली के दिन सुबह और शाम दोनों पालियों की जंगल सफारी के साथ-साथ नाइट स्टे पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। पार्क प्रशासन ने बताया कि पांच मार्च से सभी पर्यटन गतिविधियां पुन: सामान्य रूप से संचालित की जाएंगी और पार्क पर्यटकों के लिए खोल दिया जाएगा।
कॉर्बेट पार्क प्रशासन के अनुसार ढिकाला, बिजरानी, ढेला, दुर्गादेवी और गिरिजा पर्यटन जोन में इस अवधि के दौरान सफारी और रात्रि विश्राम की सुविधा बंद रहेगी। इसके अतिरिक्त रामनगर वन प्रभाग के अंतर्गत आने वाले सीतावनी, कोटा और कालाढूंगी पर्यटन जोन भी पर्यटकों के लिए बंद रखे जाएंगे। वहीं तराई पश्चिमी वन प्रभाग के फाटो और हाथी डगर पर्यटन जोन में भी होली के अवसर पर पर्यटक प्रवेश पर रोक रहेगी।