Edited By Vandana Khosla, Updated: 13 Feb, 2026 08:59 AM

कालाढुंगीः उत्तराखंड में कालाढूंगी-हल्द्वानी-रामनगर मार्ग स्थित लोहे के बने बोरपुल पर गुरुवार करीब 10 बजे एक कार अनियंत्रित होकर पुल की रेलिंग से टकरा गई और बीच पुल में पलट गई। हादसे में कार सवार पांच लोग घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस और 108...
कालाढुंगीः उत्तराखंड में कालाढूंगी-हल्द्वानी-रामनगर मार्ग स्थित लोहे के बने बोरपुल पर गुरुवार करीब 10 बजे एक कार अनियंत्रित होकर पुल की रेलिंग से टकरा गई और बीच पुल में पलट गई। हादसे में कार सवार पांच लोग घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस और 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, कालाढूंगी पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें घर भेज दिया गया। चिकित्सकों के अनुसार सभी को मामूली चोटें आई हैं।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक कार में खटीमा निवासी ललित जोशी (43), उनकी 74 वर्षीय माता, पत्नी रश्मि जोशी (37), पुत्री अवनी (12) और बड़ी बेटी अनुष्का (21) सवार थे। परिवार रामनगर में एक विवाह समारोह से लौट रहा था। कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत बोरपुल की लोहे की रेलिंग से टकराने के बाद वाहन असंतुलित होकर पुल के बीचों-बीच पलट गया। गनीमत रही कि कार पुल से नीचे नहीं गिरी, वरना हादसा गंभीर रूप ले सकता था।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार चालक हारून पुत्र याकूब, निवासी खटीमा ने सूझबूझ दिखाते हुए अंतिम क्षणों में स्टीयरिंग को सड़क की ओर मोड़ दिया, जिससे वाहन खाई की तरफ जाने से बच गया और पुल के मध्य में ही पलट गई। पुलिस ने बताया कि प्राथमिक जांच में वाहन के अनियंत्रित होने की आशंका है। मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। स्थानीय लोगों ने पुल पर सुरक्षा इंतजाम और संकेतक बेहतर करने की मांग भी उठाई है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों से बचा जा सके।