Edited By Pooja Gill, Updated: 12 Apr, 2026 04:19 PM

हरिद्वार: उत्तराखंड में हरिद्वार जिले के भोगपुर गांव में शनिवार देर रात एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जहां मंदिर में चोरी की नीयत से घुसे अज्ञात बदमाशों ने...
हरिद्वार: उत्तराखंड में हरिद्वार जिले के भोगपुर गांव में शनिवार देर रात एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जहां मंदिर में चोरी की नीयत से घुसे अज्ञात बदमाशों ने पुजारी की हत्या कर दी। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है, जबकि ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है। जानकारी मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची।
जानिए पूरा मामला
जानकारी के अनुसार, पुरकाजी क्षेत्र के गोदना गांव निवासी राजवीर (65) पिछले दो महीने से भोगपुर स्थित मंदिर में रहकर पूजा-पाठ का कार्य कर रहे थे। कल देर रात कुछ अज्ञात चोर मंदिर में चोरी के इरादे से घुसे। इसी दौरान आहट सुनकर पुजारी जाग गए, जिस पर बदमाशों ने उनके सिर पर किसी भारी वस्तु से हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल पुजारी की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार हो गए।
गांव में फैली सनसनी
आज सुबह जब ग्रामीण मंदिर पहुंचे तो घटना का पता चला, जिससे पूरे गांव में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमाटर्म के लिए भेज दिया। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं तथा आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, प्रथम द्दष्टया मामला चोरी के प्रयास के दौरान हत्या का प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने जल्द ही आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी का दावा किया है। घटना के बाद गांव में शोक और गुस्से का माहौल है। ग्रामीणों ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और कड़ी कारर्वाई की मांग की है। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।