Edited By Vandana Khosla, Updated: 22 Mar, 2025 01:35 PM

रुद्रप्रयागः जनपद रुद्रप्रयाग के भाजपा जिला कार्यालय में उतराखंड सरकार के तीन वर्ष के कार्यकाल पूर्ण होने पर विधायक भरत चौधरी ने मीडिया से प्रेस वार्ता करते हुए सरकार की उपलब्धियों का ब्यौरा प्रस्तुत किया।
रुद्रप्रयागः जनपद रुद्रप्रयाग के भाजपा जिला कार्यालय में उतराखंड सरकार के तीन वर्ष के कार्यकाल पूर्ण होने पर विधायक भरत चौधरी ने मीडिया से प्रेस वार्ता करते हुए सरकार की उपलब्धियों का ब्यौरा प्रस्तुत किया।
"उतराखंड सरकार ने सशक्त धर्मांतरण कानून किया लागू"
भाजपा पार्टी कार्यालय रुद्रप्रयाग में पत्रकार वार्ता में रुद्रप्रयाग विधायक भरत सिंह चौधरी ने कहा कि सूबे के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में सरकार ने इन तीन सालों में ऐतिहासिक कार्य किए। इसी के साथ ही सरकार ने राज्य हित में कई महत्वपूर्ण फैसले भी लिए है। जिमसें प्रमुख रूप से यूनिफॉर्म सिविल कोड, सख्त भू-कानून, नकल विरोधी कानून, राज्य आंदोलनकारियों को सरकारी नौकरियों में 10% क्षेतिज आरक्षण के साथ ही सरकार द्वारा महिलाओं के लिए सरकारी नौकरी में 30% आरक्षण लागू किया गया है। वहीं धर्मांतरण जैसी घटनाओं को रोकने के लिए सशक्त धर्मांतरण कानून लागू किया गया है।
"20 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी देने का किया कार्य"
विधायक भरत सिंह चौधरी ने बताया कि पिछले तीन सालों में सरकार ने विभिन्न पदों पर 20 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी सेवा में रोजगार देने का कार्य भी किया है। स्वरोजगार के माध्यम से विभिन्न योजनाओं को 50 हजार से अधिक युवाओं को जोड़ा गया है। सरकार युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के लिए होम स्टे योजना, प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना, मुख्यमंत्री सौर स्वरोजगार योजना संचालित कर रही है। इसके अलावा सरकार महिलाओं को आत्म निर्भर बनाने के लिए निरंतर स्वयं सहायता समूह के माध्यम कार्य कर रही है। जिसमें 1 लाख 25 हजार महिलाओं को लखपति दीदी बनाने का लक्ष्य रखा गया है।
"नई पहल कर शीतकालीन यात्रा का किया शुभारंभ"
भरत सिंह चौधरी ने कहा कि आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में भव्य व दिव्य केदारपुरी का निर्माण हो रहा है। प्रधानमंत्री मोदी द्वारा केदारनाथ धाम को रोपवे से जोड़ने के लिए चार हजार करोड़ से अधिक की धनराशि स्वीकृत हुई है। जिसके निर्माण होने पर तीर्थंयात्रियों में निरन्तर वृद्धि होगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के कुशल मार्गदर्शन में ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेलवे लाइन कार्य वर्ष 2027 तक पूर्ण होते ही पहाड़ के विकास के लिए गेम चेंजर साबित होगी। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा इस बार नई पहल कर शीतकालीन यात्रा का शुभारंभ किया गया है। जिसका की आने वाले समय में अच्छे परिणाम आएंगे। उत्तराखंड में 12 महीने पर्यटन और तीर्थाटन से यहां के स्थानीय लोगों को भी लाभ मिलेगा।
"38 वें राष्ट्रीय खेलों का आयोजन कर बड़ी उपलब्धि की हासिल"
38 वें राष्ट्रीय खेलों का सरकार ने शानदार आयोजन कर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। सतत विकास सूचकांक के लक्ष्य में उत्तराखंड प्रथम स्थान पर रहा है। आज डबल इंजन की सरकार में सभी कार्य धरातल पर हो रहे है। जिसका लाभ आमजन को मिल रहा है।
- विधायक भरत चौधरी ने रुद्रप्रयाग विधानसभा की उपलब्धि को भी किया साझा
विधायक भरत सिंह चौधरी ने सरकार के तीन साल के कार्यकाल पूरा होने पर पत्रकार वार्ता के माध्यम से अपनी विधानसभा के कार्यों की उपलब्धियों को भी सामने रखा।
भरत सिंह चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में तीन सालों में केंद्र सरकार एवं राज्य सरकार के सहयोग से रुद्रप्रयाग विधानसभा क्षेत्र के लिए विगत 3 वर्षों में 675 करोड़ की कार्यों की स्वीकृति प्रदान हुई है और सभी कार्य लगभग धरातल पर गतिमान है। जिसमें सड़कों के क्षेत्र में रुद्रप्रयाग विधानसभा के अंतर्गत सड़कों के डामरीकरण, नवनिर्माण पुलों के निर्माण के लिए ₹385 करोड़ स्वीकृत हुए है। जिसमें प्रमुख रूप से बरसीर रणधार बधानिताल सड़क हॉटमिक्स, नगरासू धनुपर डांडाखाल सड़क हॉटमिक्स निर्माण, सिल्ली चाका मोटर पुल, नगरसू -कोठगी मोटर मोटर पुल की स्वीकृति प्रमुख है।
वहीं, उन्होंने आगे कहा कि जनपद में स्वास्थ्य क्षेत्र को निरंतर बेहतर करने का प्रयास किया जा रहा। जिसमें चिकित्सकों की नियुक्ति के साथ ही कोठगी में जिले का पहला नर्सिंग कॉलेज जिसका कि 28.40 करोड़ की लागत से निर्माण कार्य अंतिम चरण में गतिमान है। साथ ही शंकराचार्य जिला चिकित्सालय रुद्रप्रयाग में 20 करोड़ की लागत से 50 बेड का क्रिटिकल केयर यूनिट का कार्य गतिमान है। इसके अलावा जिला चिकित्सालय में सीटी स्कैन मशीन के साथ अत्याधुनिक लैब स्थापित करने का कार्य किया गया है। स्वास्थ्य के क्षेत्र में 55 करोड़ से ज्यादा की योजनाएं स्वीकृति हुई है। आने वाले समय में ओर बेहतर सुविधाएं जिला चिकित्सालय रुद्रप्रयाग में आम जनता को उपलब्ध होगी।