Edited By Pooja Gill, Updated: 07 Apr, 2026 04:43 PM

Dehradun news: आमतौर पर डेंगू के मामले जुलाई के बाद बढ़ते हैं, लेकिन इस बार मार्च-अप्रैल में ही मामले सामने आने से स्वास्थ्य विभाग सतर्क हो गया है...
Dehradun news: आमतौर पर डेंगू के मामले जुलाई के बाद बढ़ते हैं, लेकिन इस बार मार्च-अप्रैल में ही मामले सामने आने से स्वास्थ्य विभाग सतर्क हो गया है। देहरादून जिले के सरकारी अस्पतालों में मार्च से अब तक करीब 10 मरीज डेंगू पॉजिटिव पाए गए हैं। इस स्थिति को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने सभी सरकारी और निजी अस्पतालों के लिए एडवाइजरी जारी की है। इसमें अस्पतालों को डेंगू और मलेरिया से निपटने के लिए पूरी तैयारी करने के निर्देश दिए गए हैं।
आइसोलेशन वार्ड बनाना होगा अनिवार्य
एडवाइजरी के अनुसार, सभी अस्पतालों में आइसोलेशन वार्ड बनाना अनिवार्य होगा। इन वार्डों में हर बेड पर मच्छरदानी लगानी होगी और जरूरी दवाओं का पर्याप्त स्टॉक रखना होगा। साथ ही, डेंगू के पॉजिटिव मामलों की जानकारी बिना देरी के आईडीएसपी पोर्टल पर अपलोड करनी होगी।
एलाइजा टेस्ट में पॉजिटिव पाए जाने पर ही डेंगू मरीज माना जाए
स्वास्थ्य विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि केवल एलाइजा टेस्ट में पॉजिटिव पाए गए मरीजों को ही डेंगू मरीज माना जाए। कई बार कार्ड टेस्ट में पॉजिटिव आने के बाद एलाइजा टेस्ट में रिपोर्ट नेगेटिव आ जाती है, इसलिए एलाइजा जांच को ही सबसे विश्वसनीय माना गया है। फिलहाल जिले में स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन स्वास्थ्य विभाग ने समय रहते सावधानी बरतने के निर्देश दिए हैं।