Edited By Ramanjot, Updated: 23 Jul, 2026 10:44 AM

पुलिस ने आरोपी शैलेंद्र गैरोला (32), निवासी बडियारगढ़, कीर्तिनगर, जनपद टिहरी गढ़वाल को श्रीनगर से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने लगभग 19 लाख रुपये के गबन की बात स्वीकार की।
Uttarakhand News: उत्तराखंड के पौड़ी में बहुउद्देशीय सहकारी समिति में करीब 19 लाख रुपए के गबन के मामले में देवप्रयाग पुलिस ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए समिति के पूर्व सचिव को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर पद का दुरुपयोग कर समिति की धनराशि का गबन करने का आरोप है।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने वित्तीय अनियमितता की बात स्वीकार की है। पुलिस के अनुसार गत 19 मार्च को विकासखंड कोट के सहायक विकास अधिकारी संदीप सिंह ने थाना देवप्रयाग में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि बहुउद्देशीय सहकारी समिति लिमिटेड, बाह देवप्रयाग के तत्कालीन सचिव शैलेंद्र गैरोला ने अपने कार्यकाल के दौरान समिति की धनराशि में लगभग 19 लाख रुपए की वित्तीय अनियमितता कर गबन किया। शिकायत के आधार पर थाना देवप्रयाग में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार ने निष्पक्ष एवं प्रभावी जांच के साथ आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए। क्षेत्राधिकारी श्रीनगर तपेश कुमार के पर्यवेक्षण तथा थानाध्यक्ष देवप्रयाग अमरजीत सिंह रावत के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने लगातार सुरागरसी, साक्ष्य संकलन और तकनीकी जांच की। गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी लगातार ठिकाने बदल रहा था, लेकिन पुलिस ने विभिन्न स्थानों के सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर उसकी गतिविधियों का पता लगाया।
पुलिस ने आरोपी शैलेंद्र गैरोला (32), निवासी बडियारगढ़, कीर्तिनगर, जनपद टिहरी गढ़वाल को श्रीनगर से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने लगभग 19 लाख रुपये के गबन की बात स्वीकार की। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है