Edited By Vandana Khosla, Updated: 06 Mar, 2026 04:22 PM

हरिद्वारः उत्तराखंड के हरिद्वार में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह शनिवार को एक दिवसीय दौरे पर यहां पहुंचेंगे। इस दौरान वह बैरागी कैंप में आयोजित जनसभा को संबोधित करेंगे और नूतन न्याय संहिता तथा उत्तराखंड सरकार की विकास योजनाओं से संबंधित...
हरिद्वारः उत्तराखंड के हरिद्वार में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह शनिवार को एक दिवसीय दौरे पर यहां पहुंचेंगे। इस दौरान वह बैरागी कैंप में आयोजित जनसभा को संबोधित करेंगे और नूतन न्याय संहिता तथा उत्तराखंड सरकार की विकास योजनाओं से संबंधित प्रदर्शनी का उद्घाटन एवं अवलोकन करेंगे। जिला प्रशासन ने शाह के कार्यक्रम को लेकर सभी तैयारियां पूर्ण कर ली हैं।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार गृह मंत्री कल अपराह्न 12:15 बजे जौलीग्रांट हवाई अड्डे से प्रस्थान करेंगे और 12:30 बजे गुरुकुल कांगड़ी स्थित हेलीपैड पर पहुंचेंगे। इसके बाद वह 12:40 बजे गुरुकुल कांगड़ी हेलीपैड से बैरागी कैंप के लिए रवाना होंगे और वहीं आयोजित कार्यक्रम में भाग लेंगे। बैरागी कैंप में शाह विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद वह नूतन न्याय संहिता पर आधारित राज्य स्तरीय प्रदर्शनी का उद्घाटन और अवलोकन करेंगे। वहीं राज्य सरकार की विकास योजनाओं से जुड़ी प्रदर्शनी का भी उद्घाटन कर उसका निरीक्षण करेंगे।
कार्यक्रम के उपरांत केंद्रीय गृह मंत्री 3:30 बजे बैरागी कैंप से प्रस्थान कर गोडविन पहुंचेंगे, जहां वह आयोजित बैठक में प्रतिभाग करेंगे। इसके पश्चात गोडविन होटल से प्रस्थान कर पुन: जौलीग्रांट एयरपोर्ट के लिए रवाना होंगे। गृह मंत्री के दौरे को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन द्वारा सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है तथा कार्यक्रम स्थल पर तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।