Edited By Vandana Khosla, Updated: 16 Feb, 2026 01:06 PM

नैनीतालः उत्तराखंड के उत्तरकाशी और नैनीताल जिला अदालत को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। मामले की जानकारी पर कोर्ट में हड़कंप मच गया है। धमकी मिलने के बाद प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों में सनसनी फैल गई। न्यायालय को भेजे गए संदिग्ध ईमेल में परिसर में...
नैनीतालः उत्तराखंड के उत्तरकाशी और नैनीताल जिला अदालत को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। मामले की जानकारी पर कोर्ट में हड़कंप मच गया है। धमकी मिलने के बाद प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों में सनसनी फैल गई। न्यायालय को भेजे गए संदिग्ध ईमेल में परिसर में आरडीएक्स और आईईडी लगाए जाने का दावा किया गया है। सूचना मिलते ही पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर आ गईं और परिसर को खाली कराकर तलाशी ली जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार अज्ञात ईमेल आईडी से भेजे गए इस मेल में दावा किया गया है कि न्यायालय परिसर में 12 आरडीएक्स आधारित आईईडी लगाए गए हैं। जो दोपहर करीब 12:15 बजे विस्फोट कर सकते हैं। ईमेल में ईडब्ल्यूएस आरक्षण का भी उल्लेख किया गया है। ईमेल में प्रतिबंधित संगठन लिट्टे तथा पाकिस्तान आईएसआई का नाम भी लिखा गया है। हालांकि सुरक्षा एजेंसियां इस मेल की सत्यता की जांच कर रही हैं और इसे शरारती तत्वों की करतूत होने की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा रहा है।
धमकी भरा ईमेल मिलने के बाद नैनीताल में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। साथ ही इस ईमेल की शिकायत एसएसपी को भी की गई है। पुलिस, बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वायड द्वारा न्यायालय परिसर व आसपास के क्षेत्रों में सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार ईमेल भेजने वाले की पहचान और लोकेशन का पता लगाने के लिए साइबर टीम को लगाया गया है। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान देने और सतकर्ता बरतते हुए किसी लावारिस वस्तु मिलने पर नजदीकि पुलिस को सूचना देने की अपील की है।