Edited By Vandana Khosla, Updated: 11 Feb, 2026 09:06 AM

देहरादूनः उत्तराखंड कांग्रेस की चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने मंगलवार को देहरादून के राजपुर रोड स्थित कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में 16 फरवरी को प्रस्तावित राजभवन घेराव कार्यक्रम को सफल बनाने को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक ली। इस बैठक...
देहरादूनः उत्तराखंड कांग्रेस की चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने मंगलवार को देहरादून के राजपुर रोड स्थित कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में 16 फरवरी को प्रस्तावित राजभवन घेराव कार्यक्रम को सफल बनाने को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक ली। इस बैठक में पार्टी के चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष और पूर्व कैबिनेट मंत्री हरक सिंह रावत की मौजूदगी रही। इस दौरान सभी कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों ने नेतृत्व को भरोसा दिलाया कि सब एकजुट होकर अधिक से अधिक संख्या में जनता को राजभवन कूच से जोड़ने का कार्य करेंगे और इस कार्यक्रम की सफलता सुनिश्चित करेंगे।
बैठक के बाद वहां मौजूद पत्रकारों से बातचीत करते हुए प्रीतम सिंह ने कहा कि 16 फरवरी आयोजित होने जा रहा राजभवन कूच ऐतिहासिक होने जा रहा है। आज प्रदेश की जनता वर्तमान भाजपा सरकार से त्रस्त हो गई है, ऐसे में मुख्य विपक्षी दल होने के नाते कांग्रेस का दायित्व बनता है कि वह आम जनता के मुद्दे पर सड़क से लेकर सदन तक सरकार से जवाब देही तय करे। उन्होंने कहा कि राज्य की धामी सरकार प्रत्येक मोर्चे पर पूरी तरह विफल साबित हुई है। प्रदेश मे महिला अपराध लगातार बढ़ते जा रहे हैं, बेरोजगार युवा सड़कों पर अपना हक मांग रहे हैं, विभागों में भ्रष्टाचार व्याप्त है, किसान आत्महत्या करने को मजबूर हैं।
इन्हीं सब ज्वलंत मुद्दों से जनता का ध्यान भटकाने के लिए भाजपा एक बार फिर 2022 की तर्ज पर धार्मिक ध्रुवीकरण का झूठा और सांप्रदायिक राग अलापने लग गई है। उन्होंने कहा क प्रदेश की बहुमूल्य भूमि जिस प्रकार भू-माफियाओं के हवाले की जा रही है,वो किसी से छुपा नहीं है। आज प्रदेश में खनन माफिया, शराब माफिया और भू-माफिया राज्य की सरकार चला रहे हैं। प्रीतम सिंह ने कहा कि 16 फरवरी को राजभवन घेराव के माध्यम से धामी सरकार की जन विरोधी नीतियों, भ्रष्टाचार और असंवेदनशीलता के खिलाफ कांग्रेस पार्टी निर्णायक आवाज बुलंद करने जा रही है।