Edited By Vandana Khosla, Updated: 02 Feb, 2026 08:27 AM

देहरादूनः उत्तराखंड में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। राज्य के पहाड़ी जिलों में बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई गई है। जबकि 2800 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में भारी बर्फबारी देखने को मिल सकती है। वहीं, मैदानी जिलों में शुष्क मौसम की...
देहरादूनः उत्तराखंड में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। राज्य के पहाड़ी जिलों में बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई गई है। जबकि 2800 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में भारी बर्फबारी देखने को मिल सकती है। वहीं, मैदानी जिलों में शुष्क मौसम की आशंका है। लेकिन, यहां सुबह-शाम सूखी ठंड पड़ेगी। इसके लिए मौसम विभाग ने ताजा भविष्यवाणी की है।
मौसम विज्ञान विभाग देहरादून के पूर्वानुमान के अनुसार राज्य के पहाड़ी जनपदों उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है। इन जिलों में कहीं-कहीं गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने का येलो अलर्ट भी जारी किया गया है। जबकि 2800 मीटर या इससे अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में भारी बर्फबारी हो सकती है। वहीं, हरिद्वार और उधम सिंह नगर जैसे मैदानी इलाकों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। लेकिन, पहाड़ों में बर्फबारी होने से इन जनपदों का तापमान भी गिरेगा।
वहीं, उत्तराखंड में नैनीताल जनपद सहित आसपास के मैदानी क्षेत्रों में रविवार को तेज हवाओं के साथ मूसलाधार बारिश होने से तापमान में गिरावट में दर्ज की गई एवं इससे ठंडक बढ़ गई और जनजीवन प्रभावित हुआ। अभी भी मौसम साफ होने के आसार नजर नहीं आ रहे हैं।
विभाग ने लोगों से अपील की है कि अनावश्यक यात्रा से बचें और खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहें। किसानों के लिए यह बारिश फायदेमंद मानी जा रही है, हालांकि तेज हवाओं से कुछ फसलों को नुकसान की आशंका भी जताई जा रही है।