Edited By Vandana Khosla, Updated: 14 Mar, 2026 04:31 PM

ऋषिकेशः उत्तराखंड के ऋषिकेश में डोईवाला चीनी मिल में सफाई कार्य के दौरान हुए एक दर्दनाक हादसे में एक मजदूर की उपचार के दौरान मौत हो गई, जबकि दो अन्य मजदूर घायल हो गए। शनिवार को घटना के बाद मिल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलने पर...
ऋषिकेशः उत्तराखंड के ऋषिकेश में डोईवाला चीनी मिल में सफाई कार्य के दौरान हुए एक दर्दनाक हादसे में एक मजदूर की उपचार के दौरान मौत हो गई, जबकि दो अन्य मजदूर घायल हो गए। शनिवार को घटना के बाद मिल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
जानकारी के अनुसार चीनी मिल का पेराई सत्र समाप्त होने के बाद मिल बंद हो चुकी थी। इसके बाद मिल परिसर में ठेकेदार अशोक के माध्यम से मजदूरों से मशीनों की सफाई और रखरखाव का कार्य कराया जा रहा था। हादसे के समय मजदूर मशीनों के भीतर जमी हुई चीनी को खुरचकर बाहर निकाल रहे थे। इसी दौरान अचानक एक हादसा हो गया, जिसमें तीन मजदूर घायल हो गए। हालांकि घटना किस कारण हुई, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हो पाई है।
घटना के बाद मिल प्रशासन द्वारा घायल मजदूरों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डोईवाला पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें हिमालयन हॉस्पिटल जौलीग्रांट रेफर कर दिया गया। उपचार के दौरान जगमोहन (28 वर्ष) पुत्र रामकुमार निवासी हरदोई (उत्तर प्रदेश) ने दम तोड़ दिया।
वहीं, अरुण (23 वर्ष) पुत्र ओमप्रकाश के पैर में गंभीर चोट आई है, जहां डॉक्टरों ने टांके लगाए हैं। तीसरे मजदूर घनश्याम निवासी हरदोई को मामूली चोटें आई हैं और उनकी हालत सामान्य बताई जा रही है। घटना के बाद मृतक के शव का हिमालयन हॉस्पिटल में पोस्टमाटर्म कराया जा रहा है। पुलिस और प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटे हुए हैं।