Uttarakhand News... BJP ने UCC कमेटी द्वारा धामी को ड्राफ्ट सौंपे जाने पर जताई प्रसन्नता, कही ये बात

Edited By Nitika, Updated: 03 Feb, 2024 04:45 PM

bjp expressed happiness over ucc committee

उत्तराखंड भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने समान नागरिक संहिता (यूसीसी) कमेटी द्वारा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को ड्राफ्ट सौंपे जाने पर प्रसन्नता जताते हुए, प्रदेशवासियों की तरफ से समिति सदस्यों का आभार व्यक्त किया है।

 

देहरादूनः उत्तराखंड भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने समान नागरिक संहिता (यूसीसी) कमेटी द्वारा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को ड्राफ्ट सौंपे जाने पर प्रसन्नता जताते हुए, प्रदेशवासियों की तरफ से समिति सदस्यों का आभार व्यक्त किया है। भट्ट ने कहा कि भाजपा सरकार जनता से किया अपना एक और वादा पूरा करने जा रही है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सदन से यह कानून सर्व सम्मति से पास हो और एक समान नागरिक कानून की देवभूमि से शुरुआत हो।

भट्ट ने चुनावी लाभ के आरोप का जवाब देते हुए कहा कि कांग्रेस भी सदन में इसे पास करने में सहयोग कर इसका चुनावी लाभ ले सकती है। उन्होंने कहा कि देश में समान नागरिक संहिता पार्टी की वैचारिक एवं सैद्धांतिक प्रतिबद्धता है। यही वजह है कि अपनी स्थापना से ही राजनैतिक नफा, नुकसान को दरकिनार कर, पार्टी लगातार इसको लागू करने को लेकर जनजागरण और अन्य प्रयास करती आई है। यही वजह है कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में विगत विधानसभा चुनाव में भाजपा ने सरकार आने पर यूसीसी लागू करने का वादा किया था, जिसके बाद कैबिनेट की पहली बैठक में ड्राफ्ट कमेटी का गठन किया था। भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि 43 से अधिक जनसंवाद कार्यक्रमों, समिति सदस्यों की 72 अध्ययन बैठकों, वेब पोर्टल समेत सभी माध्यमों से कुल 2.33 लाख से अधिक सुझावों के आधार पर, आखिरकार प्रदेश को अपना सामान नागरिक कानून का ड्राफ्ट मिल गया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री धामी ने भरोसा दिलाया है कि आगामी सत्र में इसे पेश किया जाएगा।

अब चंद दिनों का इंतजार है जब देवभूमि के सभी नागरिकों के लिए एक समान कानून होगा। उन्होंने सभी राजनैतिक दलों से अपील की है कि दलगत भावनाओं से ऊपर उठकर उत्तराखंडवासियों की भावना को ध्यान रखकर बने इस कानून पर सकारात्मक चर्चा करें। क्योंकि हमारा मानना है कि भारतीय संस्कृति के अनुरूप समान नागरिक संहिता व्यवस्था की शुरुआत के लिए देवभूमि से बेहतर कोई अन्य राज्य नहीं हो सकता है। उन्होंने विपक्ष के कार्यकर्ताओं से आग्रह किया कि जो किसी कारणवश सुझाव नहीं दे पाए थे या जिनके लिए राजनीति से अधिक जनता की भावनाएं महत्व रखती हैं वे अभी भी अपनी पार्टी के विधायकों पर सदन में अपने सकारात्मक सुझाव रखने का दबाव बना सकते हैं।

महेंद्र भट्ट ने विपक्ष के तमाम आरोपों को दरकिनार कर कहा कि भाजपा जनता के लिए, जनता के मुद्दों पर राजनीति करती है, इसीलिए एक देश एक कानून के लिए कटिबद्ध है। उन्होंने कहा कि आजादी के शुरुआती दिनों में तो कांग्रेस और अन्य पार्टी के नेताओं ने भी इस मुद्दे का समर्थन किया था, लेकिन एक वर्ग को खुश करने के लिए तुष्टिकरण नीति अपनाई लेकिन यूसीसी नही अपनाया।

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!