Edited By Pooja Gill, Updated: 13 Apr, 2026 02:42 PM

Uttarakhand news: उत्तरकाशी के बड़कोट नगर क्षेत्र में रसोई गैस की समस्या लगातार बढ़ती जा रही है। शनिवार को गैस मिलने की उम्मीद में बड़ी संख्या में लोग रामलीला...
Uttarakhand news: उत्तरकाशी के बड़कोट नगर क्षेत्र में रसोई गैस की समस्या लगातार बढ़ती जा रही है। शनिवार को गैस मिलने की उम्मीद में बड़ी संख्या में लोग रामलीला मैदान में लाइन लगाकर खड़े रहे, लेकिन गैस की आपूर्ति नहीं हो सकी। कई लोग पूरी रात कतार में इंतजार करते रहे और रविवार सुबह तक भी लाइन लगी रही।
लोगों को नहीं मिल सका गैस सिलेंडर
रविवार को भारत गैस की एक गाड़ी बड़कोट पहुंची, लेकिन भारी भीड़ के कारण ज्यादातर लोगों को गैस नहीं मिल पाई। भीड़ इतनी ज्यादा थी कि व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस की मौजूदगी में गैस वितरण करना पड़ा। वहीं, इंडेन गैस की गाड़ी न पहुंचने से लोगों में नाराजगी देखने को मिली।
लोगों की बढ़ रही परेशानी
पिछले कई दिनों से इंडेन गैस की सप्लाई बड़कोट नहीं पहुंच रही है, जिससे लोगों को काफी दिक्कत हो रही है। इसका असर होटल और ढाबा चलाने वालों पर भी पड़ा है, जिनका काम लगभग ठप हो गया है। आम लोगों के सामने रोज खाना बनाने की समस्या खड़ी हो गई है।
लोगों ने की ये मांग
व्यापार मंडल के जिला महामंत्री सुरेंद्र सिंह रावत और नगर महामंत्री सोहन गैरोला समेत कई लोगों ने प्रशासन से जल्द गैस आपूर्ति सामान्य करने की मांग की है। उनका कहना है कि यमुनोत्री धाम के प्रमुख पड़ाव बड़कोट में आधा दर्जन होटल और ढाबे गैस न मिलने के कारण बंद हो चुके हैं, जिससे कई परिवारों की आजीविका प्रभावित हो रही है।