Edited By Vandana Khosla, Updated: 27 Jan, 2026 08:44 AM

नैनीताल/देहरादून: उत्तराखंड के पहाड़ी क्षेत्रों में हिमस्खलन (एवलांच) का खतरा बढ़ गया है। भारतीय रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (डीआरडीओ) के अंतर्गत कार्यरत रक्षा भू-सूचना विज्ञान अनुसंधान संस्थान (डीजीआरई) के निर्देश पर राज्य आपातकालीन परिचालन...
नैनीताल/देहरादून: उत्तराखंड के पहाड़ी क्षेत्रों में हिमस्खलन (एवलांच) का खतरा बढ़ गया है। भारतीय रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (डीआरडीओ) के अंतर्गत कार्यरत रक्षा भू-सूचना विज्ञान अनुसंधान संस्थान (डीजीआरई) के निर्देश पर राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र की ओर से चेतावनी जारी की गई है।
देहरादून केंद्र की ओर से जारी चेतावनी में कहा गया है कि चंडीगढ़ स्थित डीजीआरई की ओर से उत्तर भारत के साथ ही उत्तराखंड में 27 जनवरी को हिमस्खलन की चेतावनी जारी की गई है। यह चेतावनी आज शाम पांच बजे तक प्रभावी रहेगी। उत्तराखंड के उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, पिथौरागढ़ और बागेश्वर जिलों में हिमपात और हिमस्खलन की आशंका जताई गई है। इन जिलों को खतरनाक श्रेणी-2 (डेंजर लेवल-2) में घोषित किया गया है।
ऐसे में प्रशासन और जन समुदाय को हिदायत दी गई है कि दिन और रात अपने नजदीकी क्षेत्रों में गिर रही बर्फ एवं हिमस्खलन की जानकारी लेते रहें। अनावश्यक आवाजाही से बचें, घरों या अस्थायी आवासों, गौशालाओं की छतों पर अधिक बर्फ न जमा होने दें व इसे साफ करते रहें, निचले और सुरक्षित स्थानों पर चले जायें।