Edited By Vandana Khosla, Updated: 14 Feb, 2026 02:53 PM

हरिद्वार: उत्तराखंड कांग्रेस ने 16 फरवरी को देहरादून में प्रस्तावित ‘‘हल्ला बोल‘‘ प्रदर्शन को लेकर अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। रुड़की में आयोजित बैठक में पार्टी नेताओं ने राज्य सरकार की नीतियों और कानून व्यवस्था पर जमकर हमला बोला।
हरिद्वार: उत्तराखंड कांग्रेस ने 16 फरवरी को देहरादून में प्रस्तावित ‘‘हल्ला बोल‘‘ प्रदर्शन को लेकर अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। रुड़की में आयोजित बैठक में पार्टी नेताओं ने राज्य सरकार की नीतियों और कानून व्यवस्था पर जमकर हमला बोला।
हरिद्वार लोकसभा कांग्रेस पूर्व प्रत्याशी रहे वीरेंद्र रावत ने कहा कि प्रदेश में बढ़ती आपराधिक घटनाओं, बेरोजगारी और अंकिता भंडारी हत्याकांड में न्याय न मिलने से जनता में भारी आक्रोश है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में गुंडाराज हावी है और सरकार कानून व्यवस्था संभालने में पूरी तरह विफल साबित हुई है। उनका कहना था कि अब भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पाप का घड़ा भर चुका है और जनता इसका जवाब देगी।
प्रदेश महामंत्री सचिन गुप्ता ने कहा कि शासन के पास वही अधिकारी हैं, लेकिन सरकार उनसे काम लेने में असमर्थ है। उन्होंने कहा कि बेरोजगारी चरम पर है और युवा सड़कों पर संघर्ष कर रहा है। अंकिता भंडारी मामले में सीबीआई जांच पर भी सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि जांच में झोल नजर आ रहा है, जिससे जनता का भरोसा कमजोर हुआ है।
कांग्रेस नेताओं ने कार्यकर्ताओं से 16 फरवरी को देहरादून पहुंचकर प्रदर्शन को सफल बनाने की अपील की। पार्टी ने संगठन को अनुशासित और मजबूत बनाने के लिए नई रणनीति भी लागू की है। नए सदस्यों को शामिल करने से पहले विशेष कमेटी उनकी समीक्षा कर रिपोर्ट देगी, जिसके बाद ही सदस्यता दी जाएगी। बैठक के दौरान कई युवाओं ने पार्टी की नीतियों में विश्वास जताते हुए कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की।
इस अवसर पर कलीम खान, सुभाष सैनी, सुधीर शांडिल्य, मोहम्मद रिजवान, ईश्वर लाल शास्त्री, हेमेंद्र चौधरी, मेघा जैन, जितेंद्र सैनी, संदीप सैनी, मनोज जयंत और गुड्डू तोमर सहित अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे। पार्टी नेताओं ने कहा कि जनता की आवाज को बुलंद करने के लिए यह आंदोलन निर्णायक साबित होगा।