'नैनीताल के कोटाबाग में खुलेगा आधुनिक वृद्धाश्रम', CM धामी का बुजुर्गों के लिए बड़ा ऐलान

Edited By Ramanjot, Updated: 01 May, 2026 11:24 AM

modern old age home to open in kotabagh nainital  cm dhami

मुख्यमंत्री गुरुवार को हल्द्वानी स्थित डॉ सुशीला तिवारी राजकीय मेडिकल कॉलेज के प्रेक्षागृह में आयोजित वरिष्ठ नागरिक सम्मान एवं खेल समारोह-2026 के समापन अवसर पर बोल रहे थे।

हल्द्वानी: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश के वरिष्ठ नागरिकों के लिए बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि जिन जिलों में अभी वृद्धाश्रम नहीं हैं, वहां नए आश्रम खोले जाएंगे। साथ ही नैनीताल के कोटाबाग में सभी आधुनिक सुविधाओं से युक्त वृद्धाश्रम का निर्माण किया जाएगा। 

मुख्यमंत्री गुरुवार को हल्द्वानी स्थित डॉ सुशीला तिवारी राजकीय मेडिकल कॉलेज के प्रेक्षागृह में आयोजित वरिष्ठ नागरिक सम्मान एवं खेल समारोह-2026 के समापन अवसर पर बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि वरिष्ठजन केवल परिवार ही नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र की भी अमूल्य धरोहर हैं और उनका सम्मान हर हाल में सुनिश्चित किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने भावुक अंदाज में कहा कि 'वरिष्ठ जनों का यह बेटा उनके सम्मान, सुरक्षा और सुविधाओं में किसी भी प्रकार की कमी नहीं आने देगा।' उन्होंने कहा कि बुजुर्गों की उपस्थिति समाज में ऊर्जा का संचार करती है और उनके अनुभव से नई पीढ़ी को दिशा मिलती है। 

वरिष्ठ नागरिकों को किया गया सम्मानित 

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने वरिष्ठ नागरिकों को सम्मानित किया और उनके साथ संवाद भी किया। इस दौरान वरिष्ठ नागरिकों द्वारा वॉलीबॉल, फुटबॉल और बैडमिंटन प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्ण भागीदारी की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि उम्र केवल एक संख्या है, जीवन में सक्रियता ही असली ऊर्जा है। मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य में करीब 6 लाख से अधिक वरिष्ठ नागरिकों को वृद्धावस्था पेंशन योजना के तहत प्रतिमाह 1500 रूपये की सहायता डीबीटी के माध्यम से दी जा रही है। साथ ही पति-पत्नी दोनों को अलग-अलग पेंशन देने की व्यवस्था से उनकी आर्थिक सुरक्षा को और मजबूती मिली है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार वृद्धाश्रमों के विस्तार और आधुनिकीकरण पर विशेष फोकस कर रही है। बागेश्वर, चमोली और उत्तरकाशी में राजकीय वृद्धाश्रम संचालित हैं, जबकि देहरादून, अल्मोड़ा और चम्पावत में नए भवन निर्माणाधीन हैं। रुद्रपुर में एक आधुनिक मॉडल वृद्धाश्रम भी बनाया जा रहा है। 

1300 वरिष्ठ नागरिकों की निशुल्क सर्जरी का लक्ष्य 

मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि वरिष्ठ नागरिकों के बेहतर स्वास्थ्य और देखभाल के लिए पहली बार जेरियाट्रिक केयर गिवर प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू किया गया है। इसके अलावा विभिन्न योजनाओं के तहत सहायक उपकरण, पोषण, स्वास्थ्य सेवाएं और निशुल्क मोतियाबिंद सर्जरी जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। इस वर्ष 1300 वरिष्ठ नागरिकों की निशुल्क सर्जरी का लक्ष्य रखा गया है। 

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!