Edited By Diksha kanojia, Updated: 10 Jul, 2023 02:20 PM

पर्वतारोहण और साइकिलिंग के क्षेत्र में कई मेडल जीतने वाले पूर्व सैनिक कलम सिंह बिष्ट को भी इस अवसर पर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में राज्यपाल ने सम्मानित होने वाले सभी छात्र-छात्राओं और कर्मचारियों को हार्दिक शुभकामनाएं दी। उन्होंने उपनल संस्था के...
देहरादूनः उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेनि) गुरमीत सिंह ने रविवार को गढ़ीकैन्ट में उपनल के 19वें स्थापना दिवस कार्यक्रम में कला, साहित्य एवं शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया। इस अवसर पर राज्यपाल और सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने उपनल के उत्कृष्ट कार्य करने वाले तीन कर्मचारियों को भी पुरस्कार राशि देकर सम्मानित किया।
पर्वतारोहण और साइकिलिंग के क्षेत्र में कई मेडल जीतने वाले पूर्व सैनिक कलम सिंह बिष्ट को भी इस अवसर पर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में राज्यपाल ने सम्मानित होने वाले सभी छात्र-छात्राओं और कर्मचारियों को हार्दिक शुभकामनाएं दी। उन्होंने उपनल संस्था के अधिकारियों को भी स्थापना दिवस की बधाईयां दी। राज्यपाल ने कहा कि पूर्व सैनिक के आश्रितों के कल्याण के लिए बनी इस संस्था का मुख्य उद्देश्य उन्हें रोजगार उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि हम सभी को संकल्प लेना होगा कि हम इसकी बेहतरी के लिए कार्य करें। राज्यपाल ने कहा कि इस संस्था का लाभ प्रत्येक पूर्व सैनिक और उनके परिवारों को मिले, इसके तरीके खोजे जाएं। उपनल में नवाचार और नवीन तकनीकी का इस्तेमाल किया जाए। राज्यपाल ने कहा कि सभी उपनल कर्मचारी पूरी श्रद्धा व मेहनत से दिए गए दायित्व का निर्वहन कर रहे हैं।
इसी सेवाभाव को जारी रखा जाए और संस्था के मान को बढ़ाया जाए। उन्होंने सभी कर्मचारियों से यह संकल्प लेने की भी अपील की कि वे किसी भी प्रकार के गलत कार्य संस्कृति को बढ़ावा न दें जिससे संस्था का मान व सम्मान प्रभावित हो। राज्यपाल ने कहा कि पूर्व सैनिकों में प्राकृतिक नेतृत्व क्षमता है। वे शासन एवं प्रशासन को किस प्रकार अपना सहयोग दें इस पर विचार किया जाय। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड में पर्यटन, कृषि एवं वैलनेस के क्षेत्र में असीमित संभावनाएं हैं। पूर्व सैनिक इन क्षेत्रों में रोजगार के नवीन अवसर तलाशने हेतु आगे आएं। उन्होंने कहा कि हमें अपनी ताकत को पहचानते हुए उस क्षेत्र में कार्य करने की जरूरत है।
सिंह ने कहा कि यह हम सभी के लिए खुशी के क्षण हैं कि उपनल का कारोबार व टर्नओवर लगातार बढ़ रहा है। उपनल प्रदेश में जीएसटी भुगतान में सर्वोच्च स्थान पर है जिसे केन्द्रीय अप्रत्यक्ष कर बोडर् ने प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया है। राज्यपाल ने इस बात पर खुशी व्यक्त की कि उपनल द्वारा एक साफ्टवेयर विकसित किया गया है जिससे ऑनलाइन पंजीकरण, विभागों के समय पर बीजक तथा वेतन प्रेषण किया जा रहा है। इस कार्यक्रम के दौरान, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की ओर से उपनल के स्थापना दिवस हेतु प्रेषित शुभकामना संदेश भी पढ़ा गया। उन्होंने 19वें स्थापना दिवस पर उपनल के सभी अधिकारियों, कर्मचारियों एवं उनके परिवारों को बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित की।