Edited By Ramanjot, Updated: 18 Sep, 2026 10:05 AM

बताया गया कि स्विफ्ट कार में सवार चारों लोग रुड़की के रहने वाले हैं और खाटू श्याम के दर्शन कर वापस घर लौट रहे थे। गुरुकुल नारसन हाईवे पर पहुंचने के दौरान सड़क पर बने गड्ढों से बचने के प्रयास में कार चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा।
हरिद्वार: उत्तराखंड के हरिद्वार जिले में गुरुकुल नारसन कस्बे में शुक्रवार सुबह हाईवे पर बने गड्ढों से बचने के प्रयास में एक स्विफ्ट कार अनियंत्रित होकर सर्विस रोड के डिवाइडर से जा टकराई। हादसे में कार सवार चार लोग घायल हो गए जबकि कार की चपेट में आने से बाइक सवार अंकित त्यागी गंभीर रूप से घायल हो गए।
बताया गया कि स्विफ्ट कार में सवार चारों लोग रुड़की के रहने वाले हैं और खाटू श्याम के दर्शन कर वापस घर लौट रहे थे। गुरुकुल नारसन हाईवे पर पहुंचने के दौरान सड़क पर बने गड्ढों से बचने के प्रयास में कार चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। अनियंत्रित कार सर्विस रोड के डिवाइडर से टकराने के बाद बाइक सवार अंकित त्यागी की चपेट में आ गई। अंकित त्यागी कुआंहेड़ी निवासी बताए गए हैं और हादसे के समय बच्चों को स्कूल छोड़ने के लिए बस स्टॉप पर खड़े थे। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को 108 एंबुलेंस के माध्यम से सिविल अस्पताल भिजवाया।
पुलिस ने क्षतिग्रस्त कार को कब्जे में लेकर चौकी में खड़ा करा दिया। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने हाईवे की बदहाल स्थिति को लेकर नाराजगी जताई। लोगों का आरोप है कि हाईवे पर जगह-जगह बने गड्ढों के कारण आए दिन दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से तत्काल गड्ढों को भरवाने और सड़क की मरम्मत कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि सड़क की खस्ताहाल स्थिति का खामियाजा आखिर कब तक आम जनता को भुगतना पड़ेगा।