Edited By Ramanjot, Updated: 01 Oct, 2026 01:43 PM

देहरादून के पुलिस अधीक्षक (नगर) शेखर चंद्र सुयाल ने बताया कि घर के एक कमरे में तोड़फोड़ की गई है। उन्होंने बताया कि घरेलू सहायक को परिवार ने 15-20 दिन पहले दिल्ली की एक एजेंसी के जरिए काम पर रखा था
देहरादून: देहरादून के बल्लीवाला क्षेत्र में बुधवार को भारतीय जनता पार्टी (BJP) की एक पार्षद के घर में काम करने वाला एक घरेलू सहायक कथित रूप से भोजन में नशीला पदार्थ मिलाकर परिवार के सदस्यों को बेहोश करने के बाद लाखों रुपए के आभूषण और नकदी लेकर फरार हो गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि मंगलवार रात कथित रूप से नशीला पदार्थ मिला भोजन खाने के बाद पार्षद अमिता सिंह सहित उनके परिवार के अन्य सदस्यों की तबीयत बिगड़ गई जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची तथा उसने घटनास्थल एवं उसके आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। पुलिस को आशंका है कि घरेलू सहायक के साथ उसके कुछ साथी भी इस घटना में शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, इस घटना के संबंध में मामला दर्ज कर लिया गया है।
देहरादून के पुलिस अधीक्षक (नगर) शेखर चंद्र सुयाल ने बताया कि घर के एक कमरे में तोड़फोड़ की गई है। उन्होंने बताया कि घरेलू सहायक को परिवार ने 15-20 दिन पहले दिल्ली की एक एजेंसी के जरिए काम पर रखा था और वह मंगलवार रात से फरार है जिससे वारदात में उसी पर मुख्य रूप से संदेह है। उन्होंने बताया कि अस्पताल में भर्ती परिवार के सदस्यों की हालत खतरे से बाहर है। सुयाल ने बताया कि परिवार के सदस्यों से पूछताछ के बाद ही पता चल सकेगा कि घर से कौन-कौन सी चीजें गायब हैं और उसी के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।