Edited By Pooja Gill, Updated: 07 Apr, 2026 04:08 PM

देहरादून: उत्तराखंड में चार धाम यात्रा और पर्यटन सीजन को देखते हुए सरकार व्यवसायिक गैस सिलेंडरों की आपूर्ति निर्बाध तरीके से सुनिश्चित किए जाने की तैयारियों में जुट गई है...
देहरादून: उत्तराखंड में चार धाम यात्रा और पर्यटन सीजन को देखते हुए सरकार व्यवसायिक गैस सिलेंडरों की आपूर्ति निर्बाध तरीके से सुनिश्चित किए जाने की तैयारियों में जुट गई है। जिसको द्दष्टिगत रखते हुए मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने सोमवार को देहरादून के सुभाष रोड स्थित सचिवालय में सभी जिलाधिकारियों व तेल कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर राज्य में घरेलू एवं व्यावसायिक एलपीजी गैस की आपूर्ति की समीक्षा की।
बैठक में दिए ये निर्देश
बैठक में मुख्य सचिव ने स्पष्ट निर्देश दिए कि चारधाम यात्रा के दौरान कमर्शियल गैस सिलेण्डरों की आपूर्ति निर्बाध रूप से सुनिश्चित की जाए, ताकि होटल, ढाबा, रेस्टोरेंट एवं पर्यटन व्यवसाय से जुड़े प्रतिष्ठानों को किसी प्रकार की समस्या का सामना न करना पड़े। उन्होंने तेल कंपनियों को निर्देशित किया कि घरेलू गैस आपूर्ति में यदि कोई बैकलॉग है तो उसे प्राथमिकता के आधार पर तत्काल समाप्त किया जाए तथा आपूर्ति व्यवस्था को और अधिक सुचारू बनाया जाए, जिससे आम नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
सप्लाई बढ़ाकर बाजार में उपलब्धता सुनिश्चित की जाए
बर्द्धन ने सभी जिलाधिकारियों से फीडबैक प्राप्त कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सप्लाई बढ़ाकर बाजार में उपलब्धता सुनिश्चित की जाए, जिससे अनावश्यक दबाव और पैनिक की स्थिति उत्पन्न न हो। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि तेल कंपनियों को संचालन में यदि कोई प्रशासनिक या लॉजिस्टिक समस्या आ रही हो तो उसका शीघ्र समाधान किया जाए। उन्होंने जिलाधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने जनपदों में गैस आपूर्ति की स्थिति पर निरंतर निगरानी रखें, प्रवर्तन कार्यवाही को बढ़ाएं तथा यह सुनिश्चित करें कि कहीं भी कालाबाजारी या कृत्रिम संकट की स्थिति न बने।