उषा-अनिरुद्ध विवाह मंडप भी बना उत्तराखंड का वेडिंग डेस्टिनेशन, दिल्ली के एक जोड़े ने रचाई शादी

Edited By Nitika, Updated: 19 Apr, 2024 11:42 AM

usha anirudh vivah mandap also became the wedding destination

उत्तराखंड स्थित त्रियुगी नारायण मंदिर को वेडिंग डेस्टिनेशन के रूप में मिली प्रसिद्वि के बाद, अब उषा-अनिरुद्ध विवाह स्थली ओंकारेश्वर मंदिर, उखीमठ भी वेडिंग डेस्टिनेशन बन गया है।

 

उखीमठ/रुद्रप्रयागः उत्तराखंड स्थित त्रियुगी नारायण मंदिर को वेडिंग डेस्टिनेशन के रूप में मिली प्रसिद्वि के बाद, अब उषा-अनिरुद्ध विवाह स्थली ओंकारेश्वर मंदिर, उखीमठ भी वेडिंग डेस्टिनेशन बन गया है। गुरुवार को उषा-अनिरुद्ध विवाह मंडप ओंकारेश्वर मंदिर में दिल्ली के एक जोड़े की शादी संपन्न हुई। भविष्य में इस ऐतिहासिक विवाह मंडप के वेडिंग डेस्टिनेशन के रूप में विकसित होने का मार्ग प्रशस्त हो गया है।

रोहिणी, दिल्ली निवासी लखन चंदेला (44) तथा संगीता सिंह ( 41) उषा-अनिरुद्ध विवाह मंडप में सात फेरे लेकर शादी के बंधन में बंध गए। विवाह संबंधी रस्मों, पूजा-पाठ का कार्य मंदिर समिति के आचार्यगणों द्वारा संपन्न करवाया गया। स्थानीय महिलाओं तथा महिला मंगल दल ने मंगल गान का आयोजन कर नवविवाहित जोड़े को शुभकामनाएं दी। साथ ही स्थानीय बाजीगरों ने ढोल-दमाऊं की थाप से मंगल जागरों का गायन किया। नव दंपत्ति के परिजनों ने बताया कि वे लोग पिछले यात्रा वर्ष केदारनाथ यात्रा पर आए थे। तब वे श्री ओंकारेश्वर मंदिर, उखीमठ भी दर्शन को आए। उन्होंने भगवान कृष्ण के पोते श्री अनिरुद्ध तथा बाणासुर पुत्री उषा के विवाह मंडप एवं श्री ओंकारेश्वर मंदिर के महात्म्य को सुना। तत्पश्चात, इसी विवाह मंडप में विवाह का संकल्प किया। इस हेतु उन्होंने श्री बद्रीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति से संपर्क किया।

विवाह कार्यक्रम हेतु मुख्य कार्याधिकारी योगेंद्र सिंह तथा कार्याधिकारी आरसी तिवारी, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी यदुवीर पुष्पवान ने उन्हें यथोचित सहयोग प्रदान किया, जिसके लिए उन्होंने मंदिर समिति की प्रशंसा की। इस अवसर पर वेदपाठी विश्वमोहन जमलोकी, वेदपाठी नवीन मैठाणी, पुजारी शिवशंकर लिंग, टी गंगाधर लिंग, बागेश लिंग, कुलदीप धर्म्वाण, दफेदार विदेश शैव के अतिरिक्त, विवाह पक्ष के दिल्ली से सोनिया सोनी, नीलिमा सिंह, अवधेश कुमार, पूनम सूद, आरुषि आदि भी मौजूद रहे।

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!