Edited By Vandana Khosla, Updated: 24 Oct, 2025 08:07 AM

देहरादूनः उत्तराखंड में गुरुवार को उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, पिथौरागढ़ और बागेश्वर जिलों के कुछ स्थानों में हल्की वर्षा और 3500 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हिमपात हो सकती है। जबकि अगले पांच दिनों तक मैदानी इलाकों के अधिकांश जिलों में...
देहरादूनः उत्तराखंड में गुरुवार को उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, पिथौरागढ़ और बागेश्वर जिलों के कुछ स्थानों में हल्की वर्षा और 3500 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हिमपात हो सकती है। जबकि अगले पांच दिनों तक मैदानी इलाकों के अधिकांश जिलों में मौसम शुष्क बना रहेगा।
मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक रोहित थपलियाल ने बताया कि फिलहाल मैदानी जनपदों में मौसम आमतौर पर शुष्क रहेगा। आने वाले चार से पांच दिनों में भी अधिकतर जनपदों में मौसम शुष्क रहने के आसार हैं। उन्होंने बताया कि वर्तमान में अधिकतम और न्यूनतम तापमान सामान्य से ऊपर चल रहे हैं। लेकिन, आने वाले तीन से चार दिनों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में दो डिग्री सेल्सियस की गिरावट हो सकती है।
थपलियाल के मुताबिक इस तरह का मौसम रहने से रात और दिन के तापमान में काफी अंतर देखने को मिल रहा है। मैदानी जिलों में अधिकतम तापमान 32 डिग्री के आसपास चल रहा है,इसी तरह मैदानी क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान 16 से 17 डिग्री के आसपास बना हुआ है। पर्वतीय जिलों के दो हजार मीटर के क्षेत्रों में अधिकतम तापमान 24 डिग्री और न्यूनतम तापमान 10 से 12 डिग्री सेल्सियस के आसपास चल रहा है।
मौसम विभाग के अनुसार पर्वतीय जिलों के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हिमपात होने से ठंड बढ़ सकती है। ऐसे मौसम में शीतकालीन यात्रा में आने वाले यात्री और पर्यटक गर्म कपड़े जरूर रखें ताकि ठंड से सुरक्षित रहा जा सके।