Edited By Pooja Gill, Updated: 12 Apr, 2026 11:14 AM

Kedarnath Dham: केदारनाथ धाम में इस समय लगातार हो रही बर्फबारी के कारण पूरा इलाका मोटी बर्फ की चादर से ढका हुआ है। मंदिर का नजारा भले ही बेहद सुंदर दिख रहा हो...
Kedarnath Dham: केदारनाथ धाम में इस समय लगातार हो रही बर्फबारी के कारण पूरा इलाका मोटी बर्फ की चादर से ढका हुआ है। मंदिर का नजारा भले ही बेहद सुंदर दिख रहा हो, लेकिन इससे यात्रा की तैयारियों की रफ्तार धीमी हो गई है। रुद्रप्रयाग जिला प्रशासन रास्तों को साफ करने और जरूरी सेवाएं बहाल करने में लगातार जुटा हुआ है। प्रशासन का लक्ष्य है कि यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो।
तेजी से चल रहा बर्फ हटाने का काम
केदारनाथ यात्रा 2026 को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए प्रशासन तेजी से काम कर रहा है। भारी बर्फबारी के बावजूद टीमें लगातार व्यवस्थाएं दुरुस्त कर रही हैं। गौरीकुंड से केदारनाथ तक पैदल रास्ते से बर्फ हटाने का काम तेजी से चल रहा है। यात्रा शुरू होने में अब करीब 10 दिन बचे हैं। अगर बर्फबारी जारी रहती है तो पैदल यात्रियों को दिक्कत हो सकती है। हालांकि, प्रशासन का कहना है कि मौसम साफ होते ही रास्ता पूरी तरह साफ कर दिया जाएगा।
जरूरी सुविधाओं पर फोकस
केदारनाथ में इस समय पीने का पानी, बिजली और सफाई जैसी बुनियादी सुविधाओं को दुरुस्त करने पर खास ध्यान दिया जा रहा है। मंदिर परिसर में करीब 3 फीट तक बर्फ जमी है, जिसे लगातार हटाया जा रहा है। सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरों को भी ठीक किया जा रहा है। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने बताया कि प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है और सभी टीमें मैदान में काम कर रही हैं। अब तक करीब 4.73 लाख श्रद्धालु यात्रा के लिए रजिस्ट्रेशन कर चुके हैं। सोनप्रयाग में रजिस्ट्रेशन केंद्र भी तैयार है, जहां प्रक्रिया सुचारू रूप से चलेगी। पैदल मार्ग पर घोड़े-खच्चरों के लिए गर्म पानी की व्यवस्था भी की जा रही है।
चार धाम यात्रा की तारीखें
चार धाम यात्रा की शुरुआत 19 अप्रैल से होगी। 19 अप्रैल: यमुनोत्री और गंगोत्री के कपाट खुलेंगे, 22 अप्रैल: केदारनाथ धाम के कपाट खुलेंगे, 23 अप्रैल: बद्रीनाथ धाम के कपाट खुलेंगे। इसके अलावा, हेमकुंड साहिब के कपाट 23 मई को श्रद्धालुओं के लिए खोले जाएंगे।