Edited By Ramanjot, Updated: 27 Aug, 2026 03:34 PM

एसएसपी ने बताया कि संगीता के बेटे अर्जुन सिंह ने घटना के संबंध में गंगनहर कोतवाली में एक शिकायत दर्ज कराई जिसमें उसने अपने मामा विक्की पर गोलीबारी करके उसकी मां व मौसी की हत्या करने तथा उसके मौसा को गंभीर रूप से घायल करने का आरोप लगाया है।
देहरादून: उत्तराखंड में हरिद्वार जिले के रुड़की क्षेत्र में पुलिस ने एक युवक को रक्षाबंधन के त्योहार से पहले अपनी दो सगी बहनों की गोली मारकर हत्या करने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।
हरिद्वार के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) नवनीत सिंह ने बताया कि मंगलवार रात हुई घटना के संबंध में भगवानपुर क्षेत्र के चुड़ियाला गांव निवासी 30 वर्षीय आरोपी युवक विवेक उर्फ विक्की को देर रात गिरफ्तार कर लिया गया। उन्होंने बताया कि विक्की ने अपने जीजा को भी कथित तौर पर गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया जिसका अस्पताल में उपचार जारी है। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में पता चला है कि विक्की ने संपत्ति विवाद और बहनों के चरित्र को लेकर शक के कारण अपनी दोनों विवाहित बहनों की कथित तौर पर गोली मारकर हत्या की। उन्होंने बताया कि जानकारी के अनुसार, आरोपी पहले अपनी बड़ी बहन शकुंतला उर्फ संगीता (50) के घर गया और घर के बाहर ही उसे कथित तौर पर गोली मार दी। उन्होंने बताया कि इसके बाद वह पुष्पा (45) के घर गया जहां उसने उसे तथा उसके पति संदीप को कथित तौर पर गोली मार दी तथा दोनों बहनों की मौत हो गई।
एसएसपी ने बताया कि संगीता के बेटे अर्जुन सिंह ने घटना के संबंध में गंगनहर कोतवाली में एक शिकायत दर्ज कराई जिसमें उसने अपने मामा विक्की पर गोलीबारी करके उसकी मां व मौसी की हत्या करने तथा उसके मौसा को गंभीर रूप से घायल करने का आरोप लगाया है। उन्होंने बताया कि तहरीर के आधार पर विक्की के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 103 (1) तथा 109 (1) के तहत हत्या व हत्या का प्रयास का एक मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि बहुत कम समय में साक्ष्य संकलन की कार्रवाई पूरी करने के बाद मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया और उससे मिली सूचना के आधार पर विक्की को चुड़ियाला क्षेत्र में चूडामणी मन्दिर चौक के पास से 315 बोर के एक तमंचे, छह खोखे व एक मोटरसाइकिल के साथ गिरफ्तार कर लिया गया। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक तौर पर इस घटना में संपत्ति विवाद और बहनों के चरित्र पर कथित तौर पर शक वजह नजर आ रही है, हालांकि, वास्तविक कारणों के संबंध में आरोपी से विस्तृत पूछताछ जारी है।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि घटना के पीछे संपत्ति विवाद की बात भी सामने आ रही है लेकिन उसके बारे में विस्तार से पता लगाने के लिए आरोपी की मां तथा अन्य परिजनों से पूछताछ की जाएगी। एसएसपी के मुताबिक, आरोपी ने बताया कि उसने बहनों को मारने के लिए हथियार का इंतजाम उत्तर प्रदेश के मुजफफरनगर से किया था। उन्होंने बताया कि यह भी सामने आया है कि पहले अपने भाई के साथ एक कोचिंग सेंटर चलाने वाला आरोपी पूर्व में हरिद्वार जिले के कनखल थाने में नकल रोधी कानून के तहत दर्ज एक मामले में जेल भी जा चुका है।