Edited By Ramkesh, Updated: 29 Apr, 2026 05:38 PM

उत्तराखंड के चंपावत जिला प्रशासन ने हीट वेव को देखते हुए स्कूलों के समय में बदलाव किया है। आगामी 10 मई तक स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र प्रात: 7:45 बजे से दोपहर 01:00 बजे तक संचालित होंगे। जिला प्रशासन की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि भारत मौसम...
चम्पावत: उत्तराखंड के चंपावत जिला प्रशासन ने हीट वेव को देखते हुए स्कूलों के समय में बदलाव किया है। आगामी 10 मई तक स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र प्रात: 7:45 बजे से दोपहर 01:00 बजे तक संचालित होंगे। जिला प्रशासन की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि भारत मौसम विज्ञान विभाग की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार तापमान में लगातार बढ़ोतरी और हीट वेव की आशंका के मद्देनज़र यह निर्णय लिया गया है।
जारी आदेश के तहत जनपद के मैदानी एवं प्रभावित क्षेत्रों में संचालित सभी ग्रीष्मावकाश वाले सरकारी और गैर-सरकारी विद्यालय-प्राथमिक, उच्च प्राथमिक, माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक-के साथ ही आंगनबाड़ी केंद्र अब 29 अप्रैल से 10 मई तक प्रात: 7:45 बजे से दोपहर 01:00 बजे तक संचालित होंगे। हालांकि शीतावकाश वाले विद्यालय पूर्व निर्धारित समय-सारणी के अनुसार ही चलते रहेंगे। मुख्य शिक्षा अधिकारी मान सिंह ने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों और उप शिक्षा अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि आदेश का सख्ती से अनुपालन सुनिश्चित कराया जाए। उल्लंघन की स्थिति में संबंधित संस्थान के खिलाफ कारर्वाई की जाएगी।