Edited By Vandana Khosla, Updated: 08 Mar, 2025 12:35 PM

देहरादूनः उत्तराखंड के देहरादून की पुलिस लाइन में नियुक्त सशस्त्र पुलिस (सीपी) के एक आरक्षी (कांस्टेबल) की शुक्रवार को हृदय गति रुकने से मौत हो गई। बता दें कि मृतक की आयु केवल 42 वर्ष थी। वहीं, इस दुखद घटना की सूचना मिलते ही कांस्टेबल के परिवार में...
देहरादूनः उत्तराखंड के देहरादून की पुलिस लाइन में नियुक्त सशस्त्र पुलिस (सीपी) के एक आरक्षी (कांस्टेबल) की शुक्रवार को हृदय गति रुकने से मौत हो गई। बता दें कि मृतक की आयु केवल 42 वर्ष थी। वहीं, इस दुखद घटना की सूचना मिलते ही कांस्टेबल के परिवार में मातम का माहौल बना हुआ है।
पुलिस प्रवक्ता से मिली जानकारी के मुताबिक पुलिस लाइन देहरादून में नियुक्त कांस्टेबल राजेश कुमार पुत्र आसाराम का हृदय गति रुक जाने के कारण आकस्मिक निधन हो गया। उन्होंने बताया कि दिवंगत मूल रूप से ग्राम: सान्तर शाह, पोस्ट पतंजलि योगपीठ, जनपद हरिद्वार के रहने वाले थे। वह वर्ष 2007 में पुलिस विभाग में भर्ती हुए। उनके परिवार में पत्नी के अलावा, दो पुत्र तथा एक पुत्री है, जो वर्तमान में जनपद हरिद्वार में निवास कर रहे हैं।
देहरादून के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह ने कांस्टेबल राजेश कुमार के आकस्मिक देहावसान पर गहरा दुख व्यक्त किया है। साथ ही, शोक संतप्त परिवार को धैर्य व शक्ति प्रदान करने के लिए ईश्वर से कामना की है।