Edited By Ramanjot, Updated: 13 Jul, 2026 04:45 PM

शार्प शूटर जितेंद्र के पैर में गोली लगने से घायल हुआ है। वह उत्तर प्रदेश के रामपुर में बिलासपुर के सुभाष नगर फेज-1 को रहने वाला है। मुख्य आरोपी के अलावा शातिर अपराधी सुमित राठौर निवासी फुलसुंगा, थाना ट्रांजिट कैंप, रुद्रपुर, ऊधमसिंह नगर और चंदन लाल...
रुद्रपुर: उत्तराखंड के ऊधम सिंह नगर जिले में सोमवार को पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ में तीन शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है। इनमें कुख्यात शार्प शूटर जितेंद्र चौधरी उर्फ विरत चौधरी भी शामिल है। आरोपी मुठभेड़ में घायल हुआ है।
शहर में फैली दहशत
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शार्प शूटर जितेंद्र के पैर में गोली लगने से घायल हुआ है। वह उत्तर प्रदेश के रामपुर में बिलासपुर के सुभाष नगर फेज-1 को रहने वाला है। मुख्य आरोपी के अलावा शातिर अपराधी सुमित राठौर निवासी फुलसुंगा, थाना ट्रांजिट कैंप, रुद्रपुर, ऊधमसिंह नगर और चंदन लाल को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि निरंजन टाकुली उर्फ नीरू टाकुली निवासी चंदेन फार्म, बिलासपुर, रामपुर, उप्र अंधेरे का लाभ उठा कर फरार हो गया। उसकी तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस के अनुसार, जितेंद्र 21 जून को रुद्रपुर के गाबा चौक में हुई फायरिंग का मुख्य आरोपी है। इस घटना से शहर में दहशत फैल गई थी। इसके अलावा 30 जून को पुलभट्टा क्षेत्र में हुई फायरिंग की घटना में भी उसकी संलिप्तता सामने आई थी। इस घटना में राह चलते एक महिला समेत कई लोग घायल हो गए थे। गाबा चौक में हुई फायरिंग की घटना के बाद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ थाना रुद्रपुर में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 109, 3(5) तथा शस्त्र अधिनियम की धारा 3/25 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया था। पुलिस लगातार आरोपी की तलाश में जुटी रही।
विभिन्न थानों में गंभीर आपराधिक मामले दर्ज
पुलिस टीम को रविवार को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी जितेंद्र चौधरी अपने कुछ साथियों के साथ बिना नंबर प्लेट की रेनाल्ट कार से डिबडिबा क्षेत्र में अपने विरोधियों पर हमला करने वाला है। इसके बाद पुलिस ने जाफरपुर कट क्षेत्र में अपना जाल बिछाया। पुलिस टीम संदिग्ध कार को रोकने का प्रयास किया तो आरोपियों ने कार को यूनिटी लॉ कालेज के पास कच्चे मार्ग पर मोड़ लिया लेकिन कुछ दूरी के बाद कार तारबाड़ से टकरा गई। बदमाश खेतों में भाग गए और पेड़ों की आड़ में छिप गए। बताया जा रहा है कि पुलिस ने जब आरोपियों को समर्पण के लिए कहा तो आरोपियों ने पुलिस पर गोलियां चला दी। पुलिस ने भी आत्मरक्षा के लिए गोली चलाई जिसमें कुख्यात शार्प शूटर घायल हो गया। इसी दौरान पुलिस ने उसे और उसके दो साथियों को गिरफ्तार कर लिया। जितेन्द्र चौधरी के खिलाफ उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के विभिन्न थानों में गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं जबकि सुमित राठौर और निरंजन टाकुली के खिलाफ तीन-तीन मामले दर्ज हैं।