Edited By Ramanjot, Updated: 27 Aug, 2026 06:09 PM

पुलिस वीडियो के आधार पर घटना में शामिल युवकों की पहचान करने का प्रयास कर रही है।
ऋषिकेश: उत्तराखंड के ऋषिकेश में मुनि की रेती क्षेत्र में महिला सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़ा करने वाला मामला सामने आया है। जानकी सेतु के समीप स्थित एक पार्क में कुछ युवकों द्वारा महिलाओं को देखकर कथित तौर पर अश्लील इशारे और अभद्र व्यवहार किए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय निवासियों, व्यापारियों और तीर्थयात्रियों में नाराजगी है।
गुरुवार को स्थानीय लोगों ने जानकारी देते हुए बताया कि जानकी सेतु से गंगा रिजॉर्ट तक का तटवर्ती क्षेत्र शाम ढलते ही असामाजिक तत्वों और नशेड़ियों की गतिविधियों से प्रभावित रहता है। आरोप है कि यहां कुछ युवक आए दिन महिला श्रद्धालुओं और पर्यटकों पर फब्तियां कसने के साथ हुड़दंग करते हैं। लोगों का कहना है कि धार्मिक और पर्यटन की द्दष्टि से महत्वपूर्ण इस क्षेत्र में ऐसी घटनाएं क्षेत्र की छवि के साथ-साथ महिलाओं की सुरक्षा पर भी सवाल खड़े करती हैं।
वायरल वीडियो के सामने आने के बाद पुलिस प्रशासन ने मामले का संज्ञान लेते हुए जांच शुरू कर दी है। पुलिस वीडियो के आधार पर घटना में शामिल युवकों की पहचान करने का प्रयास कर रही है। स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में शाम के समय पुलिस गश्त बढ़ाने और सार्वजनिक स्थानों पर हुड़दंग करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।