Edited By Harman Kaur, Updated: 08 Mar, 2023 10:45 AM

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी (Pushkar Singh Dhami) अपनी पत्नी के साथ मंगलवार शाम को कनखल के प्राचीन दक्ष प्रजापति मंदिर (Daksh Prajapati Temple) पहुंचे....
हरिद्वार (सतीश गुजराल): उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी (Pushkar Singh Dhami) अपनी पत्नी के साथ मंगलवार शाम को कनखल के प्राचीन दक्ष प्रजापति मंदिर (Daksh Prajapati Temple) पहुंचे। जहां उन्होंने महालक्ष्मी के जन्म दिवस के अवसर पर जलाभिषेक के साथ हवन-पूजन भी किया। यह पूजा करीब 3 घंटे तक चली, जिसे महंत रवींद्र ने पूरे विधि विधान के साथ संपन्न कराया।
वहीं, सीएम धामी ने कहा कि भगवान से प्रार्थना की हैं कि सभी के लिए प्रदेश के अंदर सुख शांति हो, समृद्धि हो। सभी के जीवन में होली के रंगों की तरह सभी रंग भरे और सभी लोग देश और राष्ट्र की उन्नति के लिए अपने दायित्व का निर्वहन करें।

इसी दौरान मुख्यमंत्री ने शुरू होने जा रहे बजट को लेकर कहा कि इस बार का बजट नौजवानों और मातृशक्ति विशेषकर रोजगार केंद्रित बजट होगा। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पूरे देश के लिए आम बजट आया है। आशाओं, आकांक्षा को अपेक्षाओं को पूरा किया गया है। उसी के आधार पर उत्तराखंड का बजट भी इस बार पेश होगा।

इस दौरान महंत रविंद्र पुरी ने कहा कि आज महालक्ष्मी का जन्मदिन है। समुद्र मंथन के दौरान जो 14 रत्न निकले थे, उसमें से एक महालक्ष्मी भी थीं, जो बाद में भगवान विष्णु की पत्नी भी कहलाई। पूरे विश्व के शरणार्थियों के लिए होली का एक ऐसा पर्व है, जिस पर भगवान विष्णु के परम भक्त प्रहलाद की रक्षा के लिए नृसिंह भगवान का अवतार लिया। इस दिन जो भी साधना की जाती है, उस साधना का पुण्य फल प्राप्त होता है। यही कारण है कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी अपनी पत्नी के साथ पूजा अर्चना करने दक्ष नगरी पहुंचे।