Edited By Ramanjot, Updated: 05 Aug, 2026 01:09 PM

पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कार में अचानक शॉर्ट सर्किट होने से आग लगी। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है। पुलिस के अनुसार, कार में चालक के अलावा कोई अन्य व्यक्ति सवार नहीं था
Uttarakhand News: उत्तराखंड में देहरादून-हरिद्वार राष्ट्रीय राजमार्ग पर बुधवार सुबह हररवाला क्षेत्र में चलती कार में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। चालक की सतकर्ता और पुलिस एवं अग्निशमन कर्मियों की त्वरित कार्रवाई से एक बड़ा हादसा टल गया। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, हालांकि कार पूरी तरह जलकर क्षतिग्रस्त हो गई।
जानकारी के अनुसार, मणिमाई मंदिर से लगभग 200 मीटर आगे राष्ट्रीय राजमार्ग पर चल रही कार में अचानक धुआं उठने लगा। चालक हिमांशु जोशी निवासी डालनवाला, देहरादून ने स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए तुरंत वाहन सड़क किनारे रोक दिया और बाहर निकल आए। कुछ ही क्षणों में आग ने पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया। घटना की सूचना डायल-112 के माध्यम से मिलते ही हररवाला चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद फायर सर्विस की टीम ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग की लपटों के कारण कुछ देर तक राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात भी प्रभावित रहा, जिसे बाद में पुलिस ने सुचारु कराया।
आग लगने से वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कार में अचानक शॉर्ट सर्किट होने से आग लगी। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है। पुलिस के अनुसार, कार में चालक के अलावा कोई अन्य व्यक्ति सवार नहीं था और समय रहते बाहर निकल जाने से उसकी जान बच गई। पुलिस ने बताया कि घटना में किसी प्रकार की जनहानि या घायल होने की सूचना नहीं है। आग से वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है, जबकि नुकसान का आकलन किया जा रहा है। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट को आग लगने का संभावित कारण माना जा रहा है।