Edited By Ramanjot, Updated: 26 Oct, 2026 10:30 AM

विद्यालयी शिक्षा मंत्री ने कहा, "शिक्षकों की भर्ती के दौरान विद्यालयों की वास्तविक जरूरतों और वहां नामांकित विद्यार्थियों की संख्या को प्राथमिकता दी जाएगी। शिक्षकों की नियुक्ति विद्यार्थियों की संख्या के अनुरूप होगी, ताकि पर्याप्त शिक्षक...
देहरादून: उत्तराखंड सरकार ने राज्य के सहायता प्राप्त गैर-सरकारी माध्यमिक विद्यालयों में शिक्षकों और गैर-शिक्षण कर्मचारियों के खाली पदों को भरने के लिए भर्ती प्रक्रिया शुरू करने की घोषणा की। राज्य सरकार की ओर से रविवार को जारी एक बयान में बताया गया, "चुनावी वर्ष और विद्यार्थियों के हितों को ध्यान में रखते हुए राज्य सरकार ने लंबे समय से भर्ती प्रक्रिया पर लगी रोक हटा दी है।"
अब विद्यालयों की प्रबंधन समितियां विद्यार्थियों की संख्या के आधार पर अपने-अपने विद्यालयों में खाली पदों को भर सकेंगी। राज्य के विद्यालयी शिक्षा मंत्री धन सिंह रावत ने मीडिया को जारी बयान में कहा कि सरकार राज्य की शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने और विद्यालयों में आवश्यक कर्मचारियों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। रावत ने कहा, "कुछ विद्यालयों की प्रबंधन समितियां शिक्षकों और कर्मचारियों की भर्ती के लिए उच्च न्यायालय का रुख कर रही हैं, जबकि संसाधनों की कमी के कारण अन्य विद्यालयों में बहुत कम शिक्षकों के सहारे काम चलाया जा रहा है। इसे देखते हुए ऐसे सभी विद्यालयों में नियमित शिक्षकों और कर्मचारियों की नियुक्ति का रास्ता खोलने का फैसला किया गया है।" उन्होंने यह भी कहा कि भर्ती केवल उन स्वीकृत खाली पदों पर की जाएगी, जिन्हें सक्षम प्राधिकारी ने औपचारिक रूप से फिर से बहाल किया है ताकि भविष्य में प्रशासनिक अड़चनों से बचा जा सकेगा।
विद्यालयी शिक्षा मंत्री ने कहा, "शिक्षकों की भर्ती के दौरान विद्यालयों की वास्तविक जरूरतों और वहां नामांकित विद्यार्थियों की संख्या को प्राथमिकता दी जाएगी। शिक्षकों की नियुक्ति विद्यार्थियों की संख्या के अनुरूप होगी, ताकि पर्याप्त शिक्षक उपलब्ध कराने के साथ ही शिक्षा की समग्र गुणवत्ता में भी सुधार किया जा सके।" उन्होंने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिया कि गैर-सरकारी सहायता प्राप्त विद्यालयों में भर्ती प्रक्रिया के दौरान निर्धारित नियमों और सरकारी निर्देशों का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जाए, ताकि भर्ती पारदर्शी, निष्पक्ष और कानूनी तरीके से पूरी हो सके।