Edited By Ramkesh, Updated: 07 Oct, 2026 04:07 PM

उत्तराखंड के टिहरी गढवाल जिला मुख्यालय में मेडिकल कॉलेज की स्थापना की मांग को लेकर बुधवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं और आंदोलनकारियों ने जोरदार प्रदर्शन किया।
टिहरी: उत्तराखंड के टिहरी गढवाल जिला मुख्यालय में मेडिकल कॉलेज की स्थापना की मांग को लेकर बुधवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं और आंदोलनकारियों ने जोरदार प्रदर्शन किया। राजकीय प्रताप इंटर कॉलेज में आयोजित राज्य सरकार के कार्यक्रम के दौरान नवदुर्गा मंदिर के समीप प्रदर्शनकारियों ने कनस्तर बजाकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल, स्थानीय विधायक किशोर उपाध्याय तथा भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के दौरे का विरोध जताया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि नई टिहरी में लंबे समय से मेडिकल कॉलेज की मांग उठाई जा रही है लेकिन सरकार की ओर से अब तक कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है।
प्रदर्शनकारियों ने मेडिकल कॉलेज को टिहरी की जनता की बुनियादी स्वास्थ्य जरूरत बताते हुए कहा कि इसके अभाव में पर्वतीय क्षेत्र के लोगों को गंभीर उपचार के लिए अन्य शहरों का रुख करना पड़ता है। प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव राकेश राणा, पूर्व राज्य मंत्री सैयद मुशरर्फ अली, पीसीसी सदस्य देवेंद्र नोडीयाल, युवा कांग्रेस अध्यक्ष नवीन सेमवाल, अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के प्रदेश सचिव इमरान खान, छात्र नेता राहुल बुटोला, कांग्रेस नेता वीरेंद्र दत्त समेत कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया।
प्रदर्शनकारियों ने मेडिकल कॉलेज की मांग के साथ मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग भी उठाई और चुनाव प्रक्रिया को लेकर लगाए जा रहे आरोपों की जांच की मांग की। कांग्रेस प्रदेश महासचिव राकेश राणा ने आरोप लगाया कि सरकार जनहित के मुद्दों पर जनता की आवाज सुनने के बजाय उसे दबाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनभावनाओं और जनहित से जुड़े सवालों पर गंभीरता से विचार किया जाना चाहिए। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि नई टिहरी में मेडिकल कॉलेज की स्थापना से टिहरी के साथ आसपास के पर्वतीय क्षेत्रों को भी बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकेंगी। प्रदर्शनकारियों ने स्पष्ट किया कि जब तक सरकार मेडिकल कॉलेज की स्थापना को लेकर ठोस निर्णय नहीं लेती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा और आने वाले दिनों में इसे और व्यापक किया जाएगा।